Friday, 12 September 2014

Swartthi Netaoo Ko Vote Na De..



चंडीगढ़। राजनीति में दिन-प्रतिदिन गिरावट आ रही है। इस गिरावट को रोकने के लिए मतदाताओं को गुण-दोष के आधार पर वोट देना चाहिए। यह विचार थानेसर हलके से इनेलो प्रत्याशी व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने थानेसर के धोबी मोहल्ला तथा सेक्टर-५ में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। इस अवसर पर रामपाल शर्मा, सुधीर चुघ, धर्मपाल चौधरी, राजबीर कान्यान, नितिन भारद्वाज लाली, युवा इनेलो के हल्का प्रधान सुरेंद्र खासपुर, जिला उपप्रधान शैलेंद्र मिर्जापुर तथा राजकुमार काला भी उपस्थित थे। सभाओं में पहुंचने पर अरोड़ा का फूल-माला डालकर स्वागत किया गया। श्री अरोड़ा ने कहा कि आज से 25 वर्ष पहले जिस राजनीतिक दल से वे विधायक बने थे, आज भी उसी दल में खड़े हैं, लेकिन कुछ स्वार्थी नेता अपने निजी हित के लिए प्रतिदिन पार्टियां बदलते हैं। ऐसे लोगों को जनता के हितों से कोई सरोकार नहीं है। दस साल तक राज का मजा लूटने के बाद ये लोग अब भेष बदलकर चुनाव मैदान में आएंगे, ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के दस वर्ष शासनकाल में थानेसर हल्के में विकास की कोई नई परियोजना शुरु नहीं की गई। जो भी विकास हुआ, वह इनेलो के शासनकाल में हुआ था। उन्होंने बताया कि प्रदेश में आज केवल ओमप्रकाश चौटाला की लहर चल रही है। कांग्रेस के कुशासन से जनता दुखी है और भाजपा का कांग्रेसीकरण हो चुका है। कांग्रेस का विकल्प केवल इनेलो है। प्रदेश की जनता कांग्रेस व भाजपा का सूपड़ा साफ करके चौ. ओमप्रकाश चौटाला को हरियाणा की बागडोर सौंपेगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे गुण-दोष के आधार पर तुलना करके अपने वोट का प्रयोग करें। इनेलो का शासन आने पर थानेसर हल्के के विकास  में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि हुड्डा केवल किलोई के मुख्यमंत्री बनकर रह गए हैं। इनेलो नेता शुरु से कह रहे हैं कि विकास में भेदभाव हुआ है। कांग्रेस का सत्ता से जाना सुनिश्चित देखकर नेता कांग्रेस छोड़ रहे हैं और जो नेता कल तक हुड्डा की गोद में बैठकर थानेसर में विकास कार्य होने का दावा करते थे, वे भी अब विकास में भेदभाव का आरोप लगा रहे हैं व अपने निजी स्वार्थ के कारण कांग्रेस छोडक़र भाजपा में शामिल हो गए हैं।

No comments:

Post a Comment